लंबे समय तक फिट रहने के लिए खान-पान और लाइफस्टाइल में कुछ जरूरी बदलाव करने पड़ते हैं। खाने में हरी सब्जियां और जूस शामिल करने की सलाह डॉक्टर से लेकर डाइटिशियन तक देते हैं। लेकिन फिर भी कभी मौसम की मार तो कभी किसी और वजह से तबीयत खराब हो ही जाती है। इसके लिए घर पर एक मेडिकल एड बॉक्स हमेशा रखें जिसमें इन दवाओं का होना बहुत ही जरूरी है
बाम- सिर दर्द सर्दी-ज़ुकाम हाथ-पैर और कमर दर्द के लिए बाम बहुत ही उपयोगी है। बाम इस प्रकार के दर्द से तुरंत राहत दिलाने में बहुत ही कारगर है। चाहें तो मसल क्रीम भी रखें जिससे मांसपेशियों में खिंचाव होने पर मदद मिल सके।
बैंडएड- घाव को खुला रखने से इन्फेक्शन्स होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए घर में बैंडएड जरूर रखें। मामूली कटने-छिलने पर भी बैंडएड लगाकर इन्फेक्शन से बचा जा सकता है।
एंटीसेप्टिक क्रीम- कटने या छिलने पर सबसे पहले घाव को साफ पानी से धोएं। इसके बाद ही किसी एंटीसेप्टिक क्रीम या सॉल्युशन का इस्तेमाल करना सही रहेगा। एंटीसेप्टिक घाव पर बैक्टीरिया पनपने के खतरे को कम करता है। इसलिए मेडिकल एड बॉक्स में इसे जरूर रखें।
एंटासिड- बाहर का खाना ऑयली और बासी खाना अक्सर पेट दर्द मरोड़ कब्ज गैस बदहजमी जैसी कई तकलीफों का कारण होता है। इससे राहत पाने में एंटासिड की गोली बहुत मदद करेगी। ये पेट की समस्याओं से तत्काल छुटकारा दिलाती है।
इलेक्ट्रॉल- गर्मी और बारिश के मौसम में अक्सर शरीर में नमक व मिनरल्स की कमी हो जाती है। ऐसे में इलेक्ट्रॉल का घोल पीना बहुत ही जरूरी होता है।
पेप्टो बिस्मॉल- पेट खराब होना, दस्त, उबकाई, अपच, बदहज़मी के लिए पेप्टोबिस्मॉल का इस्तेमाल किया जाता है। ईनो, पुदीन हरा, डाइजीन भी रखें। इनसे तत्काल राहत मिलती है।
थर्मोमीटर- घर में बच्चे व बुज़ुर्ग हों, तो थर्मोमीटर बेहद जरूरी हो जाता है। किसी अच्छी कंपनी का डिज़िटल थर्मोमीटर घर में हमेशा रखें।
एंटी एलर्जिक- त्वचा पर होने वाली खुजली व चकत्तों से राहत पाने के लिए एंटी एलर्जिक दवाएं रखना भी ज़रूरी है।
बॉक्स पर सभी दवाओं की एक्सपायरी डेट लिख लें। दवाओं को काटने की वजह से उनकी एक्सपायरी डेट ग़ायब हो जाती है। जब नया पत्ता रखें, तो नई डेट भी लिख दें।
No comments:
Post a Comment